वाराणसी: दो लाख दस हजार के जाली नोटों के साथ बिहार का तस्कर गिरफ्तार
एटीएस ने कैंट पुलिस के साथ रविवार को बड़ी सफलता हासिल की। भारी संख्या में जाली नोटों के साथ बिहार के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो हजार व पांच सौ के दो लाख दस हजार रुपये के नकली नोट पकड़े गए हैं। कई दिनों से तस्कर का पीछा कर रही पुलिस ने नदेसर पर बड़े चर्च के पास से उसे गिरफ्तार किया। माना जा रहा है कि वह कैंट स्टेशन के पिछले वाले रास्ते से कहीं भागने की फिराक में था।
एटीएस के अनुसार गिरफ्तार तस्कर दीपक साहनी पूर्वी चंपारण बिहार के हर सीधी का निवासी है। जाली नोटों को पश्चिम बंगाल के मालदा से हरियाणा लेकर जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार इससे पहले भी दीपक साहनी हिमाचल, पंजाब के जालंधर और बिहार के बेतिया से तीन बार जाली नोटों के साथ पकड़े जाने के बाद जेल जा चुका है तीन महीने पहले ही बेतिया से जेल से छूटा है।